दो सालों से बनी थी महिला पुलिस का सिरदर्द, STF ने किया गिरफ्तार, जानें कारनामा

उत्तराखंड पुलिस के लिए पिछले दो सालों से सिर दर्द बनी महिला दिल्ली से गिरफ्तार हो गई है। महिला ने देहरादून समेत चार जिलों में करोड़ों की धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दिया था। बता दें महिला के खिलाफ चार जिलों में 10 मुकदमे दर्ज हैं।
करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाली महिला गिरफ्तार
एसटीएफ की टीम ने आरोपित महिला को सोमवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। महिला की पहचान मोनिका कपूर पत्नी सन्दीप कपूर निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। महिला पर देहरादून समेत चमोली, टिहरी और उत्तरकाशी जिले में धोखाधड़ी करने के 10 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा महिला के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा भी चल रहा है।
ऐसे बनाती थी लोगों को शिकार
जानकारी के मुताबिक एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया महिला जनशक्ति मल्टी स्टेट मल्टी परपज कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड नामक कंपनी की निदेशक थी। कंपनी का मुख्यालय राठी बिल्डिंग दिल्ली में था। महिला ने अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर कंपनी बनाई थी।
आरोपित महिला ने साल 2015 में उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों के विभिन्न तहसीलों में शिक्षित बेरोजगार नवयुवकों को कंपनी का प्रचार करने व अन्य युवकों को इससे जोड़ने और उनसे निवेश करने के लिए प्रेरित करती थी। आरोपित महिला ने कई लोगों से खाते भी खुलवाए थे। इस दौरान उसमें करोड़ों की धनराशि भी जमा करवाई।
करोड़ों की रकम लेकर हो गई थी फरार
पुलिस ने बताया कि जब कम्पनी में व्यक्तियों की काफी धनराशि जमा हो गई और उनकी आरडी का समय पूरा होने को था। इसी बीच महिला 2021 के अन्त में फरार हो गई। महिला ने उत्तरकाशी में लगभग 16 करोड़, टिहरी में लगभग डेढ़ करोड़, देहरादून में करीब 13 करोड़ और चमोली में करीब छह करोड़ की धोखाधड़ी की थी।