WHO के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस पहुंचे भारत, पीएम मोदी ने कहा, “तुलसी भाई” का स्वागत है

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अदनोम घेब्रेयेसस बुधवार को भारत पहुंचे। पीएम मोदी ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होनें घेब्रेयसस को तुलसी भाई कहकर संबोधित किया। बता दें कि टेड्रोस पारंपरिक चिकित्सा पर गुजरात के गांधीनगर में आयोजित होने वाले डब्ल्यूएचओ वैश्विक शिखर सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे।
गुजराती नृत्य डांडिया करते दिखे घेब्रेयेसस
आयुष मंत्रालय ने सोशल नेटवर्किंग साइट पर एक वीडियो साक्षा किया। मंत्रालय ने टेड्रोस का सम्मेलन में स्वागत किया। इस वीडियो में वह गुजराती नृत्य डांडिया करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस पर प्रतिक्रिया करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मेरे अच्छे मित्र तुलसी भाई नवरात्र उत्सव में शामिल होने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। डॉ. टेड्रोस, भारत में आपका स्वागत है।
घेब्रेयेसस को आया तुलसी भाई नाम पसंद
वहीं घेब्रेयेसस ने पत्रकारों से कहा कि मुझे यह नाम तुलसी भाई काफी पसंद आया, क्योकिं तुलसी एक औषधीय पौधा है। मैंने कल्याण केंद्र में भी तुलसी का पौधा लगाया है। मुझे यह करते हुए बहुत खुशी हुई, क्योकिं इसके कई फायदे हैं। उन्होनें कहा कि डब्ल्यूएचओ हमेशा आयुष्मान भारत का समर्थन करता है। हमारा मानना है कि देशों को प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल में निवेश करना चाहिए और भारत ऐसा कर रहा है। मुझे यहां आकर बहुत खुशी हुई। कोविड-19 की लड़ाई में भारत ने अच्छा काम किया है।