पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की 5वीं पुण्यतिथि आज, राष्ट्रपति, पीएम, सहित अन्य राजनेताओं ने किया नमन

देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आज 5वीं पुण्यतिथि है। देश उन्हें नमन कर रहा है। उनकी पुण्यतिथि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य नेता सदैव अटल पर श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे। इस दौरान सभी ने पूर्व पीएम अटल बिहारी को याद किया और पुष्प अर्पित किए।
पीएम मोदी ने किया ट्वीट
पीएम मोदी ने ट्वीट कर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत को उनके नेतृत्व में बहुत फायदा हुआ है। उन्होनें भारत की प्रगति को बढ़ावा देने और कई क्षेत्रों में इसे 21वीं सदी में ले जाने में महत्तवपूर्ण भूमिका निभाई। पीएम ने कहा, मैं भारत के 140 करोड़ लोगों की तरफ से अटल बिहारी जी को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
2018 में हुआ था निधन
बता दें कि 2018 में 93 वर्ष की आयु में पूर्व पीएम वाजपेयी का निधन हो गया था। उन्हें छह साल तक सफलतापूर्वक गठबंधन सरकार चलाने का श्रेय दिया जाता है। अपने कार्यकाल में उन्होनें सुधारों को आगे बढ़ाया और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा दिया।
गृह मंत्री शाह ने किया ट्वीट
वहीं देश के गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि भारतीय राजनीति के अजातशत्रु परम श्रद्धेय अटल जी ने विचारधारा और सिद्धांतो पर आधारित राजनीति के सबसे उच्च मानक स्थापित किए। राष्ट्रसेवा की अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से एक तरफ उन्होनें सुशासन की नींव रखी तो दूसरी ओर उन्होनें पोखरण से पूरे विश्व को भारत के सामर्थ्य का परिचय कराया। अपने संगठन कौशल से पार्टी को शून्य से शिखर तक पहुंचाने में अमूल्य योगदान देने वाले ऐसे युगपुरुष को उनकी पुण्यतिथि पर कोटिश: नमन