भोलेनाथ बने गोल्डी के पति, सावन में रचाई शादी, शिवलिंग को पहनाया सेहरा, लिए सात फेरे
झांसी में रहने वाली 27 साल की लड़की गोल्डी रायकवार ने सावन के माह में भगवान शिव से शादी रचाई है। इस शादी के बाद गोल्डी रायकवार सुर्खियों में आ गई है। यह अनोखी शादी झांसी के बड़ागांव गेट बाहर स्थित ब्रहाकुमारी आश्रम मे हुई है।
इस शादी में भगवान शिव के शिवलिंग के रथ में सवार किया गया था। शिवलिंग को शहरा पहनाया गया था और उन्हें फूल मालाओं से सजाकर बारात निकाली गई। इस दौरान लोगों को भोज भी कराया गया।
शिव को पति बनाने वाली गोल्डी है बीकॉम पास
भगवान शिव से शादी करने वाली गोल्डी रायकवार 27 साल की है। वह उप डाकपाल बलराम रायकवार की बेटी है। गोल्डी बीकॉम पास है। गोल्डी ने मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित ब्रहाकुमारी छात्रावास में रहकर आधुनिक शिक्षा के साथ आध्यात्मिक शिक्षा भी ग्रहण की है। इसके बाद झांसी लौटकर गोल्डी बड़ागांव में बने प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में भगवान की सेवा करने लगी।
बचपन से करना चाहती थी शिव से शादी
गोल्डी का कहना है कि जिस तरह से मीराबाई ने भगवान कृष्ण को अपना पति मान लिया था, ठीक उसी तरह भगवान शिव से शादी करने का ख्याल मुझे बचपन से आता था। उन्होनें कहा कि मुझे बहुत खुशी हो रही है कि मैंने भगवान शिव से शादी की है और उन्हें अपना साजन बनाया है, जो हमेशा मेरा साथ देंगे।
धूमधाम से हुई शादी
गोल्डी ने अपनी शादी के लिए खूब तैयारियां की थी। उन्होनें शादी के निमंत्रण पत्र लिखवाये, बारात निकाली, मेहमानों को भोज कराया। वहीं भगवान शिव के शिवलिंग स्वरूप को सेहरा बांधकर बारात के रूप में रथ पर लाया गया था। महिलाओं ने द्वाराचार की रस्में निभाई और जयमाला व सात फेरों का कार्यक्रम भी हुआ।