क्लास में स्केल से बच्चों को मारने और बेंच में खड़ा करने पर दो महिला टीचरों पर केस दर्ज

महाराष्ट्र में ठाणे जिले में एक निजी स्कूल की दो महिला शिक्षकों पर बच्चों को क्लास में स्केल से मारने और बेंच में खड़ा करने पर केस दर्ज किया गया है।
फॉर्म पर हस्ताक्षर नहीं कराए तो पीटा
जानकारी के अनुसार पांच को उल्हासनगर के एक स्कूल के पांचवीं कक्षा के करीब 10 छात्रों ने माता-पिता शिक्षक संघ (पीटीए) को देने के लिए ‘फीस डिक्लरेशन फॉर्म’ और कुछ अन्य दस्तावेजों पर अपने अभिभावकों से हस्ताक्षर नहीं करवाए थे। जिसके बाद आरोपी शिक्षिकाओं में से एक ने इन 10 बच्चों के हाथ पर स्टील के स्केल से मारा, जिससे उन्हें चोट आई। अधिकारी के अनुसार, एक ऑटो-रिक्शा चालक, जो पीड़ित बच्चों में से एक के पिता हैं, ने बताया कि उसके बेटे और अन्य बच्चों को शिक्षिका ने कथित तौर पर पीटा, क्योंकि उन्होंने अपने माता-पिता से फॉर्म पर हस्ताक्षर नहीं करवाए थे।
धारा-75 के तहत मामला हुआ दर्ज
वहीं दूसरी शिक्षिका ने भी एक 12 वर्षीय छात्र को कथित तौर पर कक्षा पूरी होने तक हाथ ऊपर करके खड़े रहने को कहा। अभिभावकों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को दोनों शिक्षिकाओं के खिलाफ किशोर न्याय (बालकों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा-75 (बालकों पर नियंत्रण रखते हए उनके साथ ऐसा व्यवहार करना, जिससे उन्हें अनावश्यक मानसिक व शारीरिक कष्ट हो) के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और आगे की जांच जारी है।