मैकडॉनल्ड्स पर महंगाई का असर, बर्गर से गायब हुआ टमाटर

देश में टमाटर के दाम बढ़ने से बड़े-बड़े रेस्त्रां में भी असर दिख रहा है। देश के कई हिस्सों में टमाटर की कीमतें 150 रूपये से ऊपर पहुंच गई हैं। वहीं अब बर्गर आउटलेट मैकडॉनल्ड्स ने बड़ा एलान कर सभी को कुछ दिनों तक बर्गर में टमाटर नहीं मिलने की जानकारी दी है।
टमाटर न मिलने से मैकडॉनल्ड्स परेशान
मैकडॉनल्ड्स ने जानकारी दी है कि मौसम में बदलाव के कारण और हमारी तमाम कोशिशों के बावजूद हमें अच्छी क्वालिटी वाले टमाटर नहीं मिल पा रहे हैं। इसीलिए हमारे कुछ आउटलेट्स पर खाने में टमाटर नहीं मिल रहा है। यह स्थिति स्थायी नहीं है। अपनी ऊंची कीमत के कारण मैकडॉनल्ड्स इंडिया (उत्तर और पूर्व) के कुछ रेस्तरां में टमाटर मेनू से गायब हो गया है। कंपनी का कहना है कि मौसम में बदलाव के कारण क्वालिटी वाले टमाटर मार्केट में नहीं मिल पा रहे हैं। इसलिए टमाटर का इस्तेमाल करना बंद कर दिया है।
इसलिए महंगे हुए टमाटर
बता दें कि बेमौसम आई मानसून की बारिश ने टमाटर की फसल को खराब कर दिया है। कई जगहों पर फसल बर्बाद हो गई। जिस कारण देश के कई हिस्सों में तेज बारिश के कारण टमाटर की सप्लाई भी काफी कम हो गई है। इन सभी कारणों से टमाटर की कीमत आसमान छू रही है। हालांकि सरकार का कहना है कि यह बढ़ोतरी अस्थायी है।