भारी बारिश ने मचाया विकासनगर में कहर, अतिवृष्टि से गिरा मकान, घर के अंदर ही सो रहा था पूरा परिवार

मानसून का कहर प्रदेश भर के अलग-अलग इलाकों में देखने को मिल रहा है। देहरादून के विकासनगर में भी बारिश ने तबाही मचाई हुई है। जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। विकासनगर के ग्राम कुंजा में देर रात बारिश के कारण एक मकान भरभराकर गिर गया। उस दौरान पूरा परिवार घर के अंदर ही सो रहा था। गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा होने से टल गया।
बारिश ने मचाया कहर
घटना के दौरान मकान गिरता देख मौके पर चीख पुकार मच गई। मिली जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह साढ़े चार बजे के आसपास का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है अकबर निवासी ग्राम कुंजा ग्रांट अपनी पत्नी आश्मीन और पुत्र समद (10) के साथ घर के भीतर सो रहे थे। तभी गांव के ही भीतर से होकर आने वाली नदी के पास बरसाती नाले के बाहव का रुख मुड़ गया।
बाल-बाल बची घर में रह रहे लोगों की जान
बरसाती नाले के सैलाब ने कुछ ही मिनटों में पूरे घर को तहस नहस कर दिया। गनीमत रही सभी लोग उठकर घर के बाहर मकान गिरने से पहले ही बाहर भाग गए। देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में मकान जमीन पर आ गिरा। बताया जा रहा है नाले के पानी से कुंजा ग्रांट में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। मिली जानकारी के मुताबिक गांव में चार कच्चे मकान में से दो गिर गए हैं। वहीं दो घरों में पानी भरने से नुकसान हुआ है।