रक्षा मंत्रालय करेगा दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर’ आयोजित, विभिन्न मुद्दों और चुनौतियों पर होगी चर्चा

रक्षा मंत्रालय सोमवार से एक चिंतन शिविर का आयोजन करने जा रहा है। इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने, घरेलू रक्षा उत्पादन को आगे बढ़ाने और सेवारत और सेवानिवृत्त सशस्त्र बलों के कर्मियों से संबंधित मुद्दों पर विचार-मंथन किया जाएगा।
कई मुद्दों पर होगी चर्चा
19 और 20 जून को नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय “चिंतन शिविर” में मंत्रालय के विभिन्न विभागों के सामने आने वाले विभिन्न मुद्दों और चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी। रक्षा, रक्षा उत्पादन, सैन्य मामलों और पूर्व सैनिकों के कल्याण विभागों ने कई विषय-वस्तु की पहचान की है, जिन पर विषय विशेषज्ञ, मंत्रालय के अधिकारियों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। रक्षा उत्पादन विभाग द्वारा चर्चा के लिए उत्पादन और रक्षा निर्यात बढ़ाने, आत्मनिर्भरता बढ़ाने, स्वदेशीकरण के लिए आगे की राह, औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र और कुशल कार्यबल, समान अवसर बढ़ाने और गुणवत्ता सुधार जैसे मुद्दों को सूचीबद्ध किया गया है।
ओपन-हाउस सत्र के साथ होगा शिविर का समापन
भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग ने पूर्व सैनिकों द्वारा सूक्ष्म उद्यमों की शुरुआत के लिए रोजगार क्षमता में सुधार और उद्यमिता को बढ़ावा देकर पूर्व सैनिकों का पुनर्वास और पूर्व सैनिकों की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार जैसे मुद्दों को चर्चा के लिए शॉर्ट-लिस्ट किया है। विभिन्न विभागों में संगठनात्मक दक्षता बढ़ाने के लिए विचारों और सुझावों को आमंत्रित करने के लिए “चिंतन शिविर” का समापन ओपन-हाउस सत्र के साथ होगा।