राजीव गांधी की 32वीं पुण्यतिथि आज, पिता की याद में राहुल ने किया वीडियो शेयर, श्रद्धांजलि देने जाएंगे श्रीपेरंबदूर

देशभर में आज भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 32वीं पुण्यतिथि मनाई जा रही है। आज ही के दिन 21 मई, 1991 को एक आत्मघाती बम धामाके में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। पूरा देश आज उन्हें याद कर रहा है। यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणूगोपाल व अन्य ने दिल्ली के वीर भूमि में राजीव गांधी स्मारक पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रीपेरंबदूर जाएंगे राहुल आज
आज राहुल गांधी पिता को श्रद्धांजलि देने के लिए श्रीपेरंबदूर जाएंगे। ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने अपने पिता राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही लिखा, ”पापा, आप मेरे साथ ही हैं, एक प्रेरणा के रूप में, यादों में, सदा!’ इस वीडियो में राजीव गांधी ने देश में विकास में क्या-क्या योगदान दिया,उसको पेश किया गया है। इस वीडियो में उनके शपथ ग्रहण समारोह की तस्वीरों से लेकर प्रधानमंत्री रहते हुए देश को लेकर एक झलक पेश की गई है।
21 मई को मनाया जाता है शहादत दिवस
तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में राजीव गांधी की याद में एक मेमोरियल बनाया गया है। राहुल गांधी भी पिछले साल भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अपने पिता के स्मारक पर पहुंचे थे। कांग्रेस हर साल 21 मई को राजीव गाधी के शहादत दिवस के रूप में मनाती है। इस दिन देशभर में ब्लड डोनेशन कैंप और कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते है।