खरगे का पीएम मोदी पर तंज, पहले जारी और अब 2000 के नोट बंद, जनता परेशान, इस गलत फैसले की हो जांच

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रिजर्व बैंक की ओर से 2000 के नोट बंद करने के फैसले पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। खड़गे ने कहा कि यह जनता को परेशान करने वाली एक और नोटबंदी है।
जापान जाने पर करते हैं नोट बंदी
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा, “मोदी ने एक और नया आदेश जारी किया है। जब भी वह जापान जाते हैं, तो वे ‘नोट बंदी’ अधिसूचना जारी करेंगे और जाएंगे। जब वह पिछली बार जापान गए थे तो उन्होंने 1,000 रुपये के नोट बंद कर दिए थे। इस बार जब वह गए हैं तो उन्होंने 2,000 रुपये के नोट बंदी की।”
पीएम को फायदा, नुकसान नहीं पता
वहीं कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में सिद्धारमैया और उनके मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह के बाद सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नहीं जानते कि इससे देश को फायदा होगा या नुकसान होगा। मोदी जो ‘नोटबंदी’ कर रहे हैं, एक बार फिर किया है। वह लोगों को परेशान कर रहे हैं।”
ट्वीट कर की जांच की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट करते हुए कहा, “आपने पहली नोटबंदी से अर्थव्यवस्था को एक गहरा ज़ख़्म दिया था। जिससे पूरा असंगठित क्षेत्र तबाह हो गया, MSME ठप हो गए और करोड़ों रोज़गार गए! अब 2000 के नोट वाली “दूसरी नोटबंदी”… क्या ये ग़लत निर्णय के ऊपर पर्देदारी है? एक निष्पक्ष जाँच से ही कारनामों की सच्चाई सामने आएगी।”