ममता बनर्जी से बिहार के सीएम ने की मुलाकात, भाजपा को बताया जीरो, कहा साथ मिलकर देश हित में करेंगे काम
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कोलकाता में मुलाकात की। राज्य सचिवालय ‘नबन्ना’ में दीदी से मुलाकात के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीतीश कुमार ने कहा कि हमारे बीच बहुत अच्छी बातचीत हुई है। आवश्यकता अनुसार हम भविष्य में अन्य पार्टियों के साथ बातचीत करेंगे।
ममता बनर्जी ने कहा हम साथ है
वहीं, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि हम सब साथ हैं। मुझे कोई ऐतराज नहीं है। हम सब और देश की जनता भाजपा के खिलाफ लड़ेगी। भाजपा पार्टी हीरो बन रही है जबकि वो जीरो है। दीदी ने कहा कि विकास के बारे में नीतीश जी से बात हुई है। राजनीति पर भी चर्चा हुई है। मैंने नीतीश कुमार से बस एक ही निवेदन किया है कि जयप्रकाश जी का आंदोलन बिहार से हुआ था, तो हम भी बिहार में ऑल पार्टी मीटिंग करें। इससे हम तय कर सकेंगे कि हमें आगे कहां जाना है।
भाजपा जीरो हो जाए- ममता बनर्जी
वहीं ममता बनर्जी ने कहा कि सबसे पहले हमें यह संदेश देना होगा कि हम एक है। मेरा कोई अहंकार नहीं है। मैं चाहती हूं कि भाजपा जीरो हो जाए। मीडिया के सहारे और झूठ बोल बोल कर भारतीय जनता पार्टी के लोग आज जनता के सामने हीरो बन गए हैं। वहीं, नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा के खिलाफ सभी को सतर्क होना है। इसलिए हम सभी के साथ बातचीत कर रहे हैं। नीतीश ने कहा कि ममता जी से मेरा पुराना संबंध है। हम लोगों को ज्यादा से ज्यादा मिलकर लोकसभा चुनाव के लिए साथ आना है। जो भी किया जाएगा, वो देशहित में होगा। जो अभी राज कर रहे हैं, उनका देशहित से कोई लेना-देना नहीं है। बस अपनी पब्लिसिटी के लिए सबकुछ करते हैं।