अमृतपाल सिंह ने सरेंडर किया या हुआ पुलिस के हाथों गिरफ्तार, आईजी ने बताया सच, जानें बयान
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह आखिरकार गिरफ्तार हो गया है। रविवार सुबह गांव रोडे से 6 बजकर 45 मिनट पर पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसकी गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस के आईजी सुखचैन सिंह गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना बयान जारी किया है।
सरेंडर नहीं किया, पुलिस ने घेरकर दबोचा
पंजाब पुलिस के आईजी सुखचैन सिंह गिल ने साफ किया कि अमृतसर पुलिस और इंटेलिजेंस पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन में उसे गिरफ्तार किया है। एनएसए के तहत गिरफ्तारी हुई है। वहीं गुरुद्वारे के अंदर क्या हुआ उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है।
गुरुद्वारे की मर्यादा रखा खास ख्याल
आईजी ने बताया कि अमृतपाल की पंजाब पुलिस के पास पुख्ता सूचना थी। इसके बाद पंजाब पुलिस में रोडे गांव को घेर लिया था। उसके बाद अमृतपाल के पास कोई विकल्प नहीं रह गया था। आखिर में वह गुरुद्वारे के बाहर आ गया जहां से पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा एक धार्मिक स्थल है। गुरुद्वारे के अंदर पंजाब पुलिस का जवान नहीं गया था।
हालांकि इससे पहले खबर चल रही थी कि अमृतपाल अपनी मर्जी से गिरफ्तार हुआ उसने सरेंडर किया है। लेकिन पुलिस के बयान के बाद ये साफ हो गया है कि पुलिस टीम की मेहनत के बाद आखिरकार पुलिस ने ही उसे गिरफ्तार किया और एक बड़े अपराधी और खालिस्तान सर्मथक को पकड़ने में सफतला हासिल की।