ओडिशा के पूर्व नेता त्रिलोचन कानूनगो का निधन, राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

ओडिशा में कटक नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष और राज्य वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष त्रिलोचन कनूनगो का निधन हो गया है। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री और अनुभवी बीजद नेता त्रिलोचन कानूनगो उम्र संबंधी बीमारियों के कारण इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए हैं ।
तीन बार विधायक और एक बार सांसद रहे त्रिलोचन
त्रिलोचन कनूनगो का जन्म 24 नवंबर 1940 में कटक जिले के बड़ामुलेई गांव में हुआ था। वह 82 साल के थे और अपनी पत्नी, एक बेटा और तीन बेटियों के साथ पिछले कुछ सालों से कटक शहर के शेख बाजार इलाके में रह रहे थे। तीन बार के बिधायक और एक बार सांसद रह चुके त्रिलोचन कानूनगो 30 मार्च से ही एक निजी अस्पताल में अपना इलाज करा रहे थे। उनका छोटा भाई पंचानन कानूनगो एक कांग्रेसी नेता है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर किया नमन
उनके निधन पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार दिन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अपने ट्विटर अकाउंट में उन्होंने कहा- “वरिष्ठ राजनेता और पूर्व सांसद त्रिलोचन कनूनगो के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उनके कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा। उनकी आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”
सीएम के अलावा केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अन्य नेताओं ने भी त्रिलोचन कानूनगो के निधन पर शोक जताया है।