चाइल्ड पोर्नोग्राफी में महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज, सोशल मीडिया पर बच्चों का अश्लील वीडियो किया था अपलोड

चाइल्ड पोर्नोग्राफी के मामले में देहरादून की एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक महिला ने अपने मोबाइल फोन से सोशल मीडिया पर बच्चों का एक अश्लील वीडियो अपलोड किया था।
सोशल मीडिया पर किया था बच्चों का अश्लील वीडियो अपलोड
मिली जानकारी के मुताबिक ये मुकदमा एसएसआई प्रदीप रावत की शिकायत पर दर्ज किया गया है। प्रदीप रावत ने बताया कि नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के तहत टिप लाइन पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी आदि अश्लील सामग्री की निगरानी की जाती है। निगरानी के दौरान ये सामने आया कि कोतवाली क्षेत्र की बालेश्वरी देवी नाम की महिला के मोबाइल से आईपी एड्रेस से बच्चों का अश्लील वीडियो अपलोड किया गया है।
महिला पर मुकदमा दर्ज
महिला के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें चाइल्ड पोर्नोग्राफी के मामले में एक साल के भीतर देहरादून शहर का सांतवा मामला सामने आया है। लेकिन अभी तक किसी एक को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है। बीतें साल सीबीआई ने भी देहरादून शहर में इस तरह के मामलों को लेकर दबिश दी थी। उस समय कई वेबसाइट को बंद भी कराया गया था।
चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखना भी अपराध
बता दें चाइल्ड पोर्नोग्राफी की निगरानी केंद्र सरकार की टिप लाइन के माध्यम से की जाती है। टिप लाइन उन सभी मामलों की निगरानी करती है जिसमें बच्चों की अश्लील वीडियो, फोटो सर्कुलेट किए जाते हैं। इसके अलावा यदि कोई भी अपने मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर से अश्लील वीडियो देखता भी है तो वह भी अपराध की ही श्रेणी में आता है।