Big NewsHaridwar NewsUttarakhand

लेनदेन के विवाद में युवकों ने चलाई बाइक सवार पर गोली, मौके पर अफरा तफरी का माहौल

हरिद्वार जनपद के रुड़की में अंबर तालाब में रुपये के लेनदेने को लेकर एक पक्ष ने बाइक सवार युवक पर गोली चला दी। गोली युवक के पैर पर लगी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। वहीं भीड़भाड़ वाले इलाके में चली गोली की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर मामले की पूरी जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।

रुपयों को लेकर हुआ था विवाद

गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर साल्हापुर गांव निवासी मुकीम (22) का पुहाना निवासी कुछ युवकों से रुपयों को लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले ही दोनों पक्षों के बीच इस बात को लेकर भगवानपुर के समीप पुहाना में भी झगड़ा हुआ था। हालांकि उस दौरान कुछ लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया था।

शुक्रवार की देर शाम मुकीम अपने परिचित अजीम के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ युवक अंबर तालाब बाजार में एक दुकान में बैठे हुए थे। जैसे ही मुकीम बाइक लेकर उनके सामने से गुजरा तो आरोपियों में से एक ने युवक पर गोली चला दी। गोली सीधे युवक के पैर में लगी और वह बाइक समेत नीचे जा गिरा।

दहशत में स्थानीय लोग

गोली की आवाज सुनकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर जमा भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी अपने साथियों समेत मौके से फरार हो गया। भीड़ वाले बाजार में गोली चलने की घटना से दुकानदारों में दहशत पैदा हो गई। भगदड़ और अफरा तफरी के बीच कई दुकानदारों ने दुकानों के शटर बंद कर दिए।

आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी

मामले की जानकारी मिलते ही गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एश्वर्य पाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को सिविल अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही आसपास जमा लोगों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि घायल का आरोपी पक्ष से पैसे के लेनदेन को लेकर कोई विवाद था। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर के बाद आरोपियों पर केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए आसपास नाकेबंदी कर तलाश शुरू कर दी है। हालांकि आरोपी हमलावर अभी हाथ नहीं लग पाए हैं।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें