Big NewsUttarakhand Chamoli News

जोशीमठ। आखिरकार मलारी इन के मालिक ने परिवार सहित खाली किया होटल, ध्वस्तीकरण जारी

MALARI INNजोशीमठ में भू-धंसाव के बाद सबसे अधिक खतरे में आए दो होटलों को तोड़ने की कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने होटलों को धीरे धीरे खाली करना शुरु कर दिया है। खिड़कियां, दरवाजे हटाए जा रहें हैं।

आपको बता दें कि जोशीमठ में दो होटल मलारी इन और माउंट व्यू एक दूसरे पर झुक गए थे। इसके साथ ही ये दोनों होटल लगातार पीछे की ओर धंस भी रहें हैं। ऐसे में इन होटलों से खतरा बढ़ गया है। प्रशासन को डर है कि ये होटल पीछे की ओर मकानों पर गिर सकते हैं और इससे बड़ा नुकसान हो सकता है। ऐसे में इन होटलों को तोड़ा जाना है।

होटल मलारी इन के मालिक ठाकुर सिंह राणा ने भी आखिरकार प्रशासन की बात मान ली और वो अपने परिवार के साथ होटल से बाहर निकल आए। इसके बाद वो पुलिस अधिकारियों के साथ चले गए। इस दौरान ठाकुर सिंह राणा का परिवार भावुक हो गया।

आपको बता दें कि मलारी इन के मालिक ठाकुर सिंह राणा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर नाराज थे और सबसे पहले मुआवजा तय करने की मांग कर रहे थे।

वहीं प्रशासन ने मलारी इन होटल के खिड़कियों के शीशे निकालने शुरु कर दिए हैं। होटल की छत पर रखा ट्रांसफार्मर हटा दिया गया है। पानी की टंकिया भी हटा दी गईं हैं। इसके साथ ही टीन शेड खोला जा रहा है।

होटलों को डिस्मेंटल करने का काम केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई) के वैज्ञानिकों की देखरेख में हो रहा है। सीबीआरआई ने एक सप्ताह में दोनों होटलों को डिस्मेंटल करने की बात कही है। पुलिस ने बद्रीनाथ हाईवे पर बैरिकेडिंग लगा रखी है। प्रशासनिक अधिकारियों की माने तो होटलों का मलबा जोशीमठ से बाहर ले जाकर निस्तारित किया जाएगा।

Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें