Big NewsUdham Singh Nagar NewsUttarakhand

बाइक सवार किशोरों ने नवीं के छात्र को मारी गोली, आरोपी फरार

student shot

ऊधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर में ट्रांजिट कैंप में खेलने के बहाने दो किशोर बाइक से नवीं के छात्र के घर पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। रास्ते में किसी बात पर विवाद होने पर उन्होंने छात्र को तमंचे से गोली मार दी। गोली छात्र के दाएं हाथ पर लगी और वह जमीन पर ही गिर गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद से ही हमलावर फरार हैं।

पुलिस के अनुसार दक्ष चौराहा बालाजी विहार ट्रांजिट कैंप निवासी राम रतन का 15 साल का पुत्र अमन विजडम पब्लिक स्कूल में 9वीं का छात्र है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह वह घर में ही था। इसी बीच खेड़ा निवासी दो किशोर बाइक से उसके घर आए। इस दौरान वह अमन को खेलने के लिए बुला ले गए। बताया जा रहा है कि खेड़ा में सरकारी स्कूल के पास किसी बात पर उनका विवाद हो गया। इस पर एक ने अमन पर तमंचे से फायर झोंक दिया।

सूचना पर रम्पुरा चौकी प्रभारी अंबी राम आर्या पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और घटना की जानकारी ली। साथ ही लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक, किशोरों के बीच विवाद के बाद अमन को तमंचे से गोली मारी गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि किसी बात पर अमन का उनमें से एक किशोर से पहले भी विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते उसे गोली मारी गई।

Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें