उत्तराखंड: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के सख्त तेवर, बयानबाजी करने वालों पर होगी कार्रवाई


देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस में लगातार बयानबाजी का दौर जारी है। हाल ही में धारचूला विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए स्वीट छोड़ने की बात कही थी। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना बयान बदल लिया। कांग्रेस में भी इस बात को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी असंतोष का माहौल दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष ने सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अनुशासनहीनता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की जो प्रतिक्रिया है, उनकी जांच करवाने के बाद पार्टी सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए तैयार है।
इतना ही नहीं उन्होंने संगठनात्मक ढांचे को आगे बढ़ाने को लेकर साफ तौर पर कहा है कि पार्टी संगठन में अनुशासन के साथ ही काम करने वाले कार्यकर्ता को तरजीह दी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने कहा कि 70 विधानसभाओं में जाकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन के कार्य को आगे बढ़ाने का काम करेगा। प्रदेश संगठन उन्हीं कार्यकर्ताओं को तवज्जो देने का कार्य करेगा।
बरहाल उत्तराखंड कांग्रेस में लगातार आपसी गुटबाजी देखने को मिल रही है। हालांकि कांग्रेस ने तेजतर्रार नेता करण माहरा को प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी सौंपी है। अब देखना यह है कि करण मेहरा किस तरह से संगठन के कार्य को आगे लेकर जाएंगे सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या करण माहरा अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने में कामयाब होंगे।