उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव को देखते हुए पड़ोसी राज्यों के पुलिस अधिकारियों के साथ DIG की वीडियो कॉन्फ्रेसिंग, दिए ये निर्देश


देहरादून : गढ़वाल रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक करन सिंह नगन्याल ने आज शुक्रवार को आगामी विधान सभा चुनाव के मद्दनेजर आज पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों के साथ वीसी के जरिए बैठक की। डीआईजी ने चुनाव को निष्पक्ष और शान्तिपूर्ण रूप से सम्पन्न कराने के लिए उत्तराखण्ड के सीमावर्ती राज्यों के पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बॉर्डर मीटिंग आयोजित की। इस मीटिंग में पुलिस उप महानिरीक्षक ने हिमाचल, यूपी और हरियाणा के पुलिस अधिकारियों को जरुरी दिश निर्देश दिए।
सीमावर्ती राज्यों के पुलिस अधिकारियों को दिए ये निर्देश
▪️ सीमावर्ती राज्यों/जनपदों के बॉर्डर चैक पोस्टो व आवागमन के मार्गों में निरन्तर सघन चैकिंग/पैट्रोलिंग करने के निर्देश दिये गये। साथ ही सीमावर्ती राज्यों के साथ समय-समय पर सामंजस्य स्थापित करते हुए अन्तर्राज्यीय सीमा में अनावश्यक रुप से प्रवेश करने वाले वाहनों/व्यक्तियों को रोकने के लिए संयुक्त रूप से चैकिंग अभियान चलाने जाने के लिए दिशा-निर्देश दिये गये।
▪️ गढ़वाल रेंज से सटे सीमावर्ती जिले मुजफ्फरनगर, बिजनौर, सहारनपुर, सिरमौर, शिमला को अपराधियों (मफरूरों,वारन्टियों, वांछित,पुरूस्कार घोषित इत्यादि) की सूची का आदान प्रदान किया गया और उनकी गिरफ्तारी के लिए सहयोग की अपेक्षा करते हुए रेंज के सीमावर्ती जनपदों को टीम गठित कर आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देश दिये गये।
▪️ चुनाव के दौरान अराजक तत्वों द्वारा चुनाव को प्रभावित करने की सम्भावना के दृष्टिगत अवैध शराब/मादक पदार्थों की तस्करी व अवैध अस्लाहों की तस्करी पर प्रभावी रुप से अंकुश लगाने व सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय ऐसे व्यक्ति जो निर्वाचन में व्यवधान उत्तपन्न कर सकते हैं को चिन्हित कर उनके विरूद्ध संयुक्त रुप से प्रभावी कार्यवाही करने सम्बन्धी दिशा-निर्देश निर्गत किये गये ।
▪️ गढ़वाल रेंज के राज्यों पर स्थित बॉर्डर चैक पोस्टों/बैरियर पर निगरानी के लिए सीसीटीवी स्थापित करने के लिए देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी व उत्तरकाशी को निर्देशित किया गया।
▪️आगामी विधान सभा चुनाव 2022 को निर्बाध रुप से सम्पन्न कराने हेतु सीमावर्ती राज्यों से सटे गांवों, आवागामन के मार्गों तस्करी के सम्भावित छद्म मार्गों व अवांछनीय तत्वों की सूची भी बॉर्डर मीटिंग में उपस्थित सीमावर्ती राज्यों के पुलिस अधिकारियों से साझा कर समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
इस बॉर्डर मीटिंग में देहरादून से डीआईजी/एसएसपी जन्मेजय खण्डूरी, एसपी सिटी सरिता डोभाल, एसपी देहात कमलेश उपाध्याय, जनपद हरिद्वार से डीआईजी/एसएसपी योगेन्द्र सिंह रावत, एसपी सिटी स्वतन्त्र कुमार, एसपी देहात प्रमेन्द्र डोभाल, पौड़ी से एसएसपी यशवन्त सिंह चौहान, एएसपी कोटद्वार, सीओ कोटद्वार , जनपद उत्तरकाशी से एसपी प्रदीप कुमार राय व सीमावर्ती समस्त क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी सहित सीमावर्ती राज्य उत्तर प्रदेश से डीआईजी मुरादाबाद शलभ माथुर, एसपी बिजनौर धर्मवीर सिंह, एसपी सिटी बिजनौर प्रवीन रंजन, एसपी रामपुर, एसपी क्राईम मुजफ्फरनगर प्रशान्त कुमार, एसपी सिटी सहारनपुर राजेश कुमार, हिमांचल प्रदेश से एसपी सिरमौर, एसपी शिमला, हरियाणा से सीओ हेड क्वार्टर सुभाष चन्द्र उपस्थित रहेl