जिसे असलियत में ही ‘रावण’ समझने लगे थे लोग, ‘रामायण’ के दमदार एक्टर का निधन


रामानंद सागर की ‘रामायण’ की जब-जब बात होती है जो जेहन में राम-सीता से लेकर रावण तक, हर किरदार का चेहरा उभरकर सामने आ जाता है। अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया को तो लोग आज भी राम-सीता के रूप में ही पूजनीय मानते हैं। इस रामायण में रावण का रोल निभाने वाले एक्टर अरविंद त्रिवेदी को भी लोगों ने खूब पसंद किया था। लेकिन आज उनको लेकर बुरी खबर है। जी हां बता दें कि रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले एक्टर अरविंद त्रिवेंदी का निधन हो गया है।
‘रामायण’ में रावण का किरदार निभाने वाले दमदार एक्टर अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार रात 9 बजकर 30 मिनट पर मुंबई में कांदिवली स्थित उनके घर में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 82 साल के थे उनका अंतिम संस्कार आज मुंबई में होगा। अरविंद त्रिवेदी के भतीजे ने उनके निधन की पुष्टि की है।
जानकारी मिली है कि बीते कुछ सालों से उनकी तबीयत खराब रहने लगी थी। वह एक महीने पहले ही वह अस्पताल से घर लौटे थे। मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले अरविंद त्रिवेदी ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘पराया धन’ से की थी। इसके बाद उन्होंने कुछ हिंदी फिल्मों के अलावा कई गुजराती फिल्मों में काम किया और अपनी पहचान कायम की। अरविंद त्रिवेदी ने करीब 300 फिल्मों में काम किया। उन्होंने टीवी के एक और पॉपुलर शो ‘विक्रम और बेताल’ में भी काम किया था। उन्होंने हिंदी और गुजराती समेत करीब 300 फिल्मों में काम किया।