मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आज किच्छा दौरा, भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह


उधम सिंह नगर (मोहम्मद यासीन) : आज सीएम का उधमसिंह नगर जिले के दौरे का दूसरा दिन है। आज सीएम किच्छा भी पहुंचेंगे जहां किच्छा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भाजपा कार्यकर्ता भव्य स्वागत करेंगे। शनिवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पंतनगर से खटीमा के लिए प्रस्थान करेंगे। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विवेक राय ने बताया कि सीएम नगला से ग्राम आंनदपुर रोड से होते हुए ग्राम गौरीकलां में शहीद देवबहादुर द्वार पर लगी शहीद की मूर्ति का अनावरण करेंगे। इस दौरान उनका विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह ग्राम नारायणपुर शहीद स्मारक पर शहीदों को नमन करने के बाद ग्राम लालपुर होते हुए एचएच-74 पर स्थित चुटकी देवरिया टोल प्लाजा पर पहुंचेंगे। यहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ता उनका जोरदार स्वागत करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला एक रैली के रूप में नगर प्रवेश करेगा। नगर के डीडी चौक पर मुख्यमंत्री पंडित दीन दयाल की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद वह खटीमा के लिए रवाना हो जाऐंगे। भाजपा मंडल अध्यक्ष विवेक राय ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रथम आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में बेहद जोश है।
बता दें कि बीते दिन शुक्रवार को भी सीएम पुष्कर धामी उधमसिंह नगर दौरा था जहां सीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर में 179.26 करोड़ लागत की 65 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 50 करोड़ 62 लाख 64 हजार की 29 योजनाओं का लोकार्पण शुभारंभ किया और 128 करोड़ 63 लाख 44 हजार की 36 योजनाओं का शिलान्यास किया। इसी के साथ सीएम ने उधमसिंह नगर की जनता को कई सौगातें दी।