Dehradun NewsHighlight

उत्तराखंड : महाराज बोले- हरिद्वार में बनेगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, सरकार बोली- हमें नहीं पता

देहरादून: कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज एक बयान के बाद जहां विवादों में फंस गए हैं। वहीं, सरकार ने भी उनके बयान से किनारा कर लिया है। महाराज ने घोषणा की कि हरिद्वार में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाया जाएगा, लेकिन सरकार ने कहा कि उनकी ऐसी कोई योजना नहीं है और ना ही इस तरह का कोई प्रस्ताव अब तक सरकार के पास आया है। शासकीय प्रवक्ता व कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के मुताबिक, सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव अभी तक नहीं है।

सोमवार को प्रदेश सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार में 2030 तक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की बात कही थी। उन्होंने जिलाधिकारी को भूमि तलाशने के निर्देश भी दिए हैं। हरिद्वार के नजदीक जौलीग्रांट में देहरादून हवाई अड्डे के विस्तारीकरण की योजना के बीच महाराज की इस घोषणा के बाद कई तरह के सवाल भी हवा में तैरने लगे हैं।

तीर्थनगरी में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाए जाने के बारे में प्रदेश सरकार से पूछा गया तो उसने इस प्रस्ताव को लेकर अनभिज्ञता जाहिर की। शासकीय प्रवक्ता वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के स्तर पर हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। सुबोध उनियाल ने कहा कि महाराज हरिद्वार के प्रभारी मंत्री हैं और यदि उन्होंने ऐसी कोई परिकल्पना की है तो जब सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव आएगा तो कैबिनेट उस पर विचार करेगी।

Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें