उत्तराखंड : गंग नहर में डूबा युवक, जल पुलिस का रेस्क्यू अभियान जारी, नहीं चला पता


हरिद्वार: बहादराबाद थाना क्षेत्र गंगनहर मे एक युवक के डूबने से हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जल पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया मगर जल पुलिस को अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है. मौके पर लोगों की भारी भीड़ भी इकट्ठा हो गई. नजीबाबाद निवासी इस्लाम गंगनहर मे नहा रहा था. मगर पानी का बहाव तेज होने के चलते इस्लाम पानी की लहरों के बीच समा गया.
वहां मौजूद लोगों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत जल पुलिस को मौके पर बुलाया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. मगर अभी तक इस्लाम का कुछ पता नहीं चल सका है. प्रदीप रावत हरिद्वार जल पुलिस कर्मी ने बताया कि हम अपनी टीम और उपकरणों के साथ युवक की तलाश करने के लिए पहुंचे हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. अभी कोई सफलता नहीं मिल पाई है.
गंग नहर में इस वक्त पानी का बहाव काफी तेज है, जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां पर सिंचाई विभाग द्वारा सुरक्षा के कोई बंदोबस्त नहीं किए गए हैं. गंग नहर में नहा रहा इस्लाम इसी कारण गंग नहर में डूब गया. जल पुलिस द्वारा तकरीबन 2 घंटे से रेस्क्यू अभियान चलाया गया है. मगर अभी तक इस्लाम का कुछ पता नहीं चल सका है.