उत्तराखंड DGP की रेमडेसिविर समेत अन्य दवाइयों और ऑक्सीजन की कालाबाजारी करने वालों को चेतावनी

उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कोरोना काल में अपराधियों को सख्त चेतावनी दी है। बता दें कि अशोक कुमार ने रेमडेसिविर और अन्य दवाइयों समेत ऑक्सीजन की कालाबाजारी करने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। देशभर से रेमडेसिविर और ऑक्सीजन के काला बाजारी की खबर आ रही है इसको देखते हुए डीजीपी अशोक कुमार पहले से ही सतर्क हो गए हैं।
डीजीपी अशोक कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ लोग कोरोना संक्रमण की इस आपदा को भी अवसर बनाना का प्रयास कर रहे हैं। कोविड-19 के इलाज में इस्तेमाल होने वाली रेमडेसिविर तथा अन्य औषधियों और ऑक्सीजन की कालाबाजारी कर रहे हैं। यह पूरी तरह से मानवीयता और इंसानियत के खिलाफ है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।
वहीं इसी के साथ पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने प्रदेश के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों और वाहिनियों के कमांडेंट को पुलिस अस्पतालों में कोरोना संक्रमण के उपचार के लिए व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर डीजीपी ने कहा कि कोविड के उपचार के लिए जनपदों में स्थापित पुलिस अस्पतालों में इंतजाम पूरे कर लिए जाएं। संक्रमित पुलिसकर्मियों को ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए बड़े जिले 10 सिलिंडर व छोटे जिले पांच सिलिंडर अपने पास रखें।