देहरादून। दक्षिण एशिया के महान अभिनेता और पद्मश्री ओमपुरी का शुक्रवार की सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 66 साल के थे। ओमपुरी न सिर्फ बॉलीवुड सिनेमा, बल्कि पाकिस्तानी, ब्रिटिश और हॉलिवुड फिल्मों में भी अपनी बेमिसाल अदाकारी के लिए जाने जाते रहे। उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मश्री की उपाधि दी गई और उन्होंने ‘आरोहण’ और ‘अर्धसत्य’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किया था। ओम पुरी का जन्म 18 अक्टूबर 1950 में अम्बाला में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अपने ननिहाल पंजाब के पटियाला से पूरी की। 1976 में पुणे फिल्म संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ओमपुरी ने लगभग डेढ़ वर्ष तक अभिनय पढ़ाया। उन्होंने अपने निजी थिएटर ग्रुप ‘मजमा’ की स्थापना की। ओम पुरी ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत मराठी नाटक पर आधारित फिल्म ‘घासीराम कोतवाल’ से की थी। 1980 में आई ‘आक्रोश’ ओम पुरी के सिने करियर की पहली हिट फिल्म साबित थी।