उत्तराखंड : वीडियो कॉल पर अश्लीलता पड़ेगी भारी, फेसबुक पर ऐसे बिछाया जा रहा जाल

देहरादून : उत्तराखंड में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिसमे फेसबुक के जरिए पहले तो युवती की आईडी से युवकों से बात की गई और फिर नंबर मांगकर वीडियो कॉल कर युवकों को प्यार के जाल में फंसाया गया। वीडियो कॉल पर अश्लीलता कर युवकों को फंसाया गया है और फिर पैसों की डिमांड की जाती है वरना फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड़ करने की धमकी दी जाती है। समय समय पर आप सभी से पुलिस भी लगातार अपील करते आई है कि फेसबुक पर जांच-पड़ताल कर ही फ्रैंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट करें।
स्पेशल टास्क फोर्स एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आजकल युवतियों द्वारा अश्लील वीडियो कॉल ठगी की जा रही है। कई मामले सामने आ चुके हैं। बताया कि साइबर अपराधी युवतियों के सहारे लाइव वीडियो चैट करते हुए वीडियो तैयार कर लेते हैं और फिर ब्लैकमेल करके पैसंकी डिमांड करते हैं। वो अश्लील वीडियो यू ट्यूब समेत सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देते है। बताया कि क्राइम ब्रांच के नाम पर ऑनलाइन दुष्कर्म का मामला बताकर पैसे मांगते हैं या फिर यूट्यूब क्राइम के नाम पर कॉल कर कहते हैं कि आपकी अश्लील वीडियो यूट्यूब पर वायरल हो रही है।
इसके अलावा वॉट्सएप पर किसी लड़की की फोटो को कॉपी कर उसे अश्लील बनाकर भी ब्लैकमेल कर पैसे मांगते हैं। इन सभी अपराधों को अंजाम देने के लिए ये लोग असम, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, झारखंड, तमिलनाडु या दूसरे राज्यों के फर्जी सिमकार्ड ले आते हैं और इस्तेमाल करते हैं। ताकि पुलिस उन तक न पहुंच सके। इसी तरह उत्तर प्रदेश, बिहार और दूसरे राज्यों के बैंक खाते भी किराए पर ले लेते हैं। साथ ही उनमें आए पैसों को कमीशन के तौर पर देते हैं।