Dehradun NewsHighlight

हरदा का हमला : बोले-उत्तराखंड के जख्मों पर नमक छिड़कने का किया काम, उम्मीद पर डाला विषैला पानी

देहरादून : पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उत्तराखंड को ग्रीन बोनस के मामले में नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार को आडे़ हाथ लिया और जमकर हमला किया। हरदा ने सोशल मीडिया के जरिए वार करते हुए कहा कि उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने उत्तराखंड के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है।

बता दें कि शुक्रवार को नीति आयोग के उपाध्यक्ष देहरादून स्थित हैस्को ग्राम पहुंचे थे। शनिवार को उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से भी भेंट की थी। वहीं इसके बाद हरदा ने उन पर हमला किया।

हरीश रावत ने कहा कि नीति आयोग के माननीय उपाध्यक्ष हैस्को ग्राम पहुंचे, बहुत अच्छा लगा। मगर उन्होंने ग्रीन बोनस को लेकर एक अटपटा बयान दिया है, जिसने हमारे जख्मों पर नमक छिड़का है। हमको केवल एक बार केंद्र सरकार ने ग्रीन बोनस दिया है, वो UPA की सरकार के वक्त में मिला है। मगर सरकार परिवर्तन के साथ ग्रीन बोनस का मामला समाप्त हो गया। कहा कि इस बार उम्मीद जगी थी, मगर उस उम्मीद पर नीति आयोग के उपाध्यक्ष महोदय ने न केवल पानी डाल दिया है, बल्कि विषैला पानी डाल दिया है। उन्होंने कहा है कि उत्तराखंड को यूएनओ के पास ग्रीन बोनस के लिए अपील करनी चाहिये थी।
हरीश रावत ने सवाल किया कि क्या संघीय व्यवस्था में राज्यों को यह अनुमति है कि वो अपनी ग्रीन बोनस या दूसरी किसी भी मांग को लेकर के संयुक्त राष्ट्र संघ में जा सकें? हमको ऐसा रास्ता दिखा दिया कि हम घर मांग रहे थे और हमसे कहा कि वो आसमान पर चंद्रमा है, वहां आपके लिए घर बनाया जायेगा। आप वहां चले जाइए तो।
हरदा ने कहा कि ये उत्तराखंड के विवेक पर एक चोट है, एक अपमान है। इसकी क्षतिपूर्ति तभी हो सकती है जब नीति आयोग उत्तराखंड को पर्यावरणीय सेवाओं के लिए ग्रीन बोनस देने की केंद्र सरकार के पास संस्तुति करे।

Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें