ऊधमसिंहनगर, संवाददाता। सूबे के सीएम हरीश रावत ने जनता के बीच जाकर भाजपा को निशाने पर लिया। कहा कि भाजपा के दोस्त पक्ष विपक्ष देखते हैं। डेढ़ साल से भाजपा ने मेरा बहिष्कार कर रखा है। भाजपा का कोई विधायक उनके पास नहीं आता। कोई चोरी छिपे आ जाये तो वह उसकी मांग पर तुरंत मोहर लगा देते हैं। दरअसल उत्तराखंड विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और इन दिनों जनता के बीच जा कर अपनी कमीज सफेद दिखाने की सियासी दलों में होड़ मची है। उधमसिंह नगर के नानकमत्ता में पहुंचकर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आम लोगों से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि तराई के विकास का इतिहास देखा जाये तो हर विकास में कांग्रेस कार्यकर्ता का योगदान नजर आएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता विकास के जज्बे को बनाये रखें। जब वह सीएम बने प्रदेश टूटा हुआ था। लेकिन अब पटरी पर आया। चार धाम यात्रा में 15 लाख से अधिक यात्री आये। हेमकुंड साहिब में भी यात्रियों की संख्या बढ़ी है। वहीं उनहोंने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि दिल्ली वालों ने मेरा सिर काट दिया था। सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट ने उनका सर दोबारा लगाया है।