देहरादून, संवाददाता। परिवर्तन यात्रा का सारा स्वरूप तय होने के बाद भी भाजपा के लिए बड़ी चुनौती ये हैं कि दस का दम भरने वाली भाजपा अभी तक ये तय नहीं कर पा रही है कि बागियों का बचाव किया जाए तो आखिर कैसे? परिवर्तन यात्रा के बाबत जो पोस्टर भाजपा ने निकाला है उस पोस्टर में विजय बहुगुणा को जगह दी गयी है। ये वहीं विजय बहुगुणा है जिनके खिलाफ 2013 की आपदा के बाद भाजपा ने भ्रष्ट्राचार को लेकर सबसे ज्यादा हमले किए थे। तब विजय बहुगुणा कांग्रेस के तत्कालीन मुख्यमंत्री थे। अब जब कि विजय बहुगुणा भाजपा में शामिल हो चुके हैं इस पर भाजपा के नेताओं को जबाब देना मुश्किल पड़ रहा है। इस बाबत परिवर्तन यात्रा के संयोजक बलराज पासी से जब सवाल किया गया तो उन्हें भी जबाब देना मुश्किल पड़ गया। बलराज पासी ने कहा कि जो भी भाजपा कि नीतियों का सम्मान कर पार्टी में शामिल हुआ है वो अब पूरी तरह से भाजपाई है। इससे जहां भाजपा के लिए बागियों का बचाव करना मुश्किल हो गया है तो दूसरी तरफ इससे पार्टी के भीतर अंर्तकलह होना भी लाजमी है। ऐसे में भाजपा सबको एक साथ कैसे लेकर चले ये एक बड़ी चुनौती है।