हैदराबाद में वेटनरी डॉक्टर के साथ गैंगरेप मामले के चारों आरोपियों को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर ने इन आरोपियों के मारे जाने की पुष्टि की है।। पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर क्राइस सीन रिक्रिएट करने के लिए लेकर पहुंची थी।
पुलिस के अनुसार यहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने हिरासत से भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने इन चारों आरोपियों को एनकाउंटर में मार गिराया। यह एनकाउंटर नेशनल हाईवे 44 के पास हुआ। मामले की जांच से जुड़े डीसीपी ने कहा कि आरोपियों ने फायरिंग की कोशिश की। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने हथियार छीनने की कोशिश की थी।
मालूम हो कि 27-28 नवंबर की रात को हैदराबाद में महिला वेटनरी डॉक्टर के साथ गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस को 28 नवंबर को महिला डॉक्टर का शव जली हालत में मिला था। इसके बाद पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। घटना के बाद पूरे देश में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। संसद लेकर सड़क तक इस मामले की गूंज थी।
महिला डॉक्टर के पिता ने भी इस मामले में दोषियों को जल्द से जल्द सजा देने की मांग की थी। पूरा देश इस मामले को लेकर आक्रोशित था और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहा था। तेलंगाना के सीएम के. चंद्रशेखर राव ने गैंगरेप व हत्या के इस जघन्य मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन करने और त्वरित जांच के आदेश दिए थे।