टिहरी- देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि जापान में गुराई गांव निवासी अर्जुन सिंह के शव को भारत लाने के केंद्र सरकार सारा खर्चा वहन करेगी। उन्होंने दनसाड़ा में करंट की चपेट में आए मृतक के मामले में जांच कराने की बात कही।
शनिवार को देवप्रयाग में आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि जापान में काम करने वाले मृतक अर्जुन सिंह के शव को भारत लाने के लिए सीएम ने 14 जुलाई को विदेश मंत्री से वार्ता कर कार्रवाई का अनुरोध किया था। जिस पर भारतीय दूतावास ने अर्जुन के शव को भारत भेजने के प्रयास शुरु कर दिए हैं।
जापान के एक होटल में कुक का काम करते गुराई गांव निवासी अर्जुन सिंह
बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय को विदेश मंत्रालय की ओर से मिले पत्र के अनुसार शव को भारत लाने का सभी खर्चा भारत सरकार उठाएगी। जापान के एक होटल में कुक का काम करने वाले गुराई गांव निवासी अर्जुन सिंह की बीते 7 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जिसके बाद मृतक के परिजनों ने सीएम से अर्जुन के शव को भारत लाए जाने की गुहार लगाई। विधायक ने बीते 2 अगस्त को दनसाड़ा में बिजली के पोल पर कार्य कर रहे लाइनमैन की करंट की चपेट में आने मौत के मामले में उचित कार्रवाई करने के साथ ही मृतक की पत्नी को चार लाख की आर्थिक सहायता दिए जाने की बात कही। इस मौके पर अरविंद जियाल, विनोद टोडरिया, गुलाब सिंह, त्रिलोक सिंह, मैचंद सिंह रावत आदि मौजूद रहे।