
उत्तरकाशी : लॉकडाउन के बीच इस बार यमनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट 26 अप्रैल को लॉकडाउन का पालन करते हुए और विशेष नियमों के साथ खुलने जा रहे हैं। गंगोत्री-यमनोत्री धाम के कपाट खुलने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ख्याल रखा जाएगा.
मिली जानकारी के अनुसार गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट पूजा यानी की कपाट खुलने के दौरान केवल 21-21 तीर्थ पुरोहित ही शामिल हो सकेंगे औऱ इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ख्याल रखा जाएगा।
26 अप्रैल को खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट
आपको बता दें कि यमनोत्री-गंगोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीय के पावन पर्व पर आने वाली 26 अप्रैल को खुलेंगे। मां गंगा की डोली यात्रा शनिवार दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर शीतकालीन प्रवास मुखबा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल और सचिव दीपक सेमवाल ने बताया कि भैरोंघाटी स्थित भैरव मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद डोली यात्रा रविवार सुबह 10 बजे गंगोत्री पहुंचेगी।
8.15 मिनट पर खरसाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना होगी डोली
वहीं 26 अप्रैल को सुबह 8.15 मिनट पर मां यमुना की डोली खरसाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना होगी। यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष जगमोहन उनियाल और सचिव कृतेश्वर उनियाल के अनुसार डोली यात्रा यमुनोत्री धाम पहुंचने के बाद यहां स्नान एवं पूजा-अर्चना कर तय मुहूर्त पर 12.41 मिनट पर यमुनोत्री मंदिर के कपाट खोले जाएंगे।
सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखते हुए खोले जाएंगे यमुनोत्री और गंगोत्री धाम
डीएम आशीष चौहान ने जानकारी दी कि लॉकडाउन के चलते धाम यात्रा बैन है। सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखते हुए यमुनोत्री और गंगोत्री धाम खोले जाएंगे। बताया कि परंपराओं के निर्वहन के लिए सीमित संख्या में तीर्थ पुरोहितों को छोड़ कर अन्य किसी को भी धामों में जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बताया कि कपाट पूजा अर्चना के लिए मास्क और सेनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। वहीं कपाट खुलने के दौरान शामिल होने वाले तीर्थ पुरोहितों की उसके बाद मेडिकल जांच की जाएगी।