AlmoraBig News

बड़ी लापरवाही : जिला अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान काट दी गलत नस, महिला की मौत

अल्मोड़ा जिला अस्पताल से बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। चिकित्सकों ने ऑपरेशन के दौरान महिला की गलत नस काट दी। जिससे महिला की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया।

ऑपरेशन के दौरान महिला की काटी दी गलत नस

मृतक महिला की पहचान मुन्नी देवी पत्नी दीपक कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल को मुन्नी देवी की बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन होने के बाद महिला को आईसीयू भेजा गया। ऑपरेशन के तीसरे दिन महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अचानक घर जाकर महिला की तबियत बिगड़ गई।

चिकित्सकों ने दी गलत नस काटने की जानकारी

महिला की तबियत बिगड़ते ही उनके परिजन महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जिसके बाद महिला को आईसीयू में भर्ती किया गया। एक दिन आईसीयू में भर्ती रखने के बाद महिला को हायर सेंटर भेजने की सलाह दी गई। आनन-फानन में दीपक अपनी पत्नी को इलाज के लिए बरेली लेकर पहुंचा। जहां जांच में चिकित्सकों ने ऑपरेशन के दौरान महिला की गलत नस काटने की जानकारी दी।

स्थानीय लोगों ने काटा हंगामा

बरेली में मुन्नी देवी का दोबारा ऑपरेशन किया गया। 25 अप्रैल को इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। मृतका के पति ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

मामले की जांच जारी

मामले को लेकर अल्मोड़ा के सीएमओ डॉ एचसी पंत ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे इसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बता दें जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button