दरोगा पर महिला ने लगाए शारीरिक शोषण के आरोप, SSP से लगाई न्याय की गुहार

रुद्रपुर कोतवाली में तैनात दरोगा पर विधवा महिला ने शरीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। अब महिला ने एसएसपी को लिखित शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। इस मामले में एसपी सिटी मनोज कत्याल ने सीओ सिटी रुद्रपुर को जांच करने के निर्देश दिए है।
महिला ने दरोगा पर लगाए शारीरिक शोषण के आरोप
रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली महिला ने कोतवाली में तैनात दरोगा पर शारीरिक शोषण के आरोप लगाए हैं। महिला ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी सिटी मनोज कत्याल से मुलाकात करते हुए लिखित शिकायत दी। जिसमें महिला ने बताया कि वो अनुसूचित जाति की महिला है। उसके पति फौज में थे जिनकी हार्ट अटैक के कारण 2005 में मृत्यु हो गई महिला के तीन बच्चे भी हैं।
लिव-इन-रिलेशनशिप में रहते थे दोनों
महिला ने बताया कि उसके घर के सामने ही उत्तराखंड पुलिस में तैनात दरोगा हरवीर सिंह का भी मकान है। साल 2020 में दरोगा हरवीर सिंह ने महिला को अपनी पत्नी से तलाक होने की बात कही। जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
महिला का कहना है कि दरोगा ने तमाम तरह की बातें बनाकर उसे अपने झांसे में ले लिया। इसके साथ ही उसने महिला को उसके पूरे परिवार का पालन पोषण करने का आश्वासन भी दिया। जिसके बाद दोनों लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने लगे।
पत्नी का दर्जा मांगने पर दरोगा ने किया इंकार
महिला ने आरोप लगाते हुए कहा है कि जब उसने दरोगा से शादी करने और पत्नी का दर्जा देने की बात कही तो उसने इंकार कर दिया। जिसके बाद दरोगा उसका नए नए तरीके से शोषण करने लगा। महिला ने आरोप लगाया है कि 26 जून 2023 को हरवीर सिंह ने अपने किराएदार के साथ मिलकर उससे और उसके बच्चो के साथ मारपीट की।
बेटों को सारी रात पीटने का लगाया आरोप
महिला ने कहा कि उसने इस बात की सूचना 112 पर दी। सूचना पर सिपाही मौके पर पहुंचे और उसके बेटों को कोतवाली ले गए। इस दौरान कोतवाली में नाइट ड्यूटी में तैनात दरोगा मुकेश मिश्रा ने पूरी रात उसके बेटों को पीटा।इसके साथ ही महिला ने आरोप लगाया है कि दरोगा द्वारा किसी भी पुलिस के अधिकारियों से शिकायत ना करने की भी धमकी दी थी।