Uttarakhand Weather: आज से अगले तीन दिन तक मौसम का बदलेगा मिजाज, मैदानी इलाकों में बारिश तो पहाड़ में बर्फबारी के आसार

तीन दिन मौसम साफ रहने के बाद आज मौसम एक बार फिर अपनी करवट बदल कर लोगों को परेशान करने का काम कर सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों के साथ ही राजधानी देहरादून में गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया की उत्तराखंड के सभी जनपदों में अगले तीन दिन तक हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। भले आज दिन की शुरुआत चटखती धूप के साथ हुई। लेकिन दोपहर बाद बारिश हो सकती है।
पहाड़ से लेकर मैदान तक बदलेगा मौसम का मिजाज
विक्रम सिंह के मुताबिक शुक्रवार को बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात और वर्षा होने की संभावना है। जबकि, देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और पौड़ी में झोंकेदार हवाएं चलने के साथ ही कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी है। इसे लेकर विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है।