highlightUttarakhand

होली पर मौसम का बदला मिजाज, जवानों ने माइनस चार डिग्री में मनाया जश्न

उत्तराखंड में होली के बाद दोपहर में मौसम ने करवट बदल दी। पहाड़ी इलाकों में जहाँ बारिश और बर्फ़बारी हुई। जिसके बाद मैदानी इलाकों में हल्की ठण्ड महसूस की गई।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर मौसम का बदला मिजाज

मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने होली के दिन मौसम साफ रहने की संभावना जताई थी। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के फिर सक्रिय होने से मौसम ने करवट बदल दी और बारिश शुरू हो गई। चीन सीमा से सटे इलाको में बर्फबारी हुई तो निचले इलाकों में बारिश हुई। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

पहाड़ी इलाकों में जमकर हुई ओलावृष्टि

पहाड़ो की रानी मसूरी में दोपहर बाद ओलावृष्टि हुई। होली के मौके पर लोगों ने हल्की बारिश और ओलावृष्टि के बीच जमकर मस्ती की। वहीं तापमान गिरने से हल्की ठंड भी हो गई। वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित समुद्र सतह से ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाके मुखबा, हर्षिल, सुक्की, जानकीचट्टी, खरसाली, सांकरी आदि क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई।

जवानों ने मनाया माइनस चार डिग्री में जश्न

वहीं उत्तराखंड से लगी चीन सीमा की अंतिम चौकी नाभीढांग (13925 फीट) में आईटीबीपी के जवानों ने माइनस 4 डिग्री तापमान में धूमधाम से होली मनाई। जवान गीतों पर जमकर झूमे और एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। वहीं, उच्च हिमालयी इलाकों में दोपहर बाद बर्फबारी होने से चौकियों पर और ठंड बढ़ गई है।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button