लक्सर- रुड़की लक्सर मार्ग की दुर्दशा को लेकर कांग्रेस सेवा दल द्वारा आज नगर में सांसद व केन्द्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की शव यात्रा निकालकर उनका अंतिम संस्कार किया। साथ ही उत्तराखंड के राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी लक्सर की मार्फत भेजकर मांग की गई है कि अगर 15 दिन के अंदर रुड़की-लक्सर मार्ग पर कार्य शुरु नहीं होता है तो वो 9 नवंबर स्थापना दिवस को विरोध स्वरूप कांग्रेस सेवा दल रुड़की तिराहे पर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करेगा।
कोई दारू पीकर सो रहा है तो कोई भांग का गोला खा कर सो रहा- कांग्रेस
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश रस्तोगी ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है कोई भी आज तक इस मार्ग की दुर्दशा को देखने को भी तैयार नहीं हैं। कोई दारू पीकर सो रहा है तो कोई भांग का गोला खा कर सो रहा है। सांसद,विधायक सभी लापता हैं। ढूंढने पर भी दिखाई नहीं देते हैं। क्या इन्हें इस मार्ग पर चलने में दिक्कत होती है। एक बार इस मार्ग पर चलकर देखिए तभी इस मार्ग की दुर्दशा का इन्हें अहसास होगा।
अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करने की दी चेतावनी
कहा कि लगभग 4 वर्ष से रुड़की- लक्सर मार्ग अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है जगह जगह गहरे गड्ढो में तब्दील यह सड़क पैदल चलने लायक भी नहीं है। अनेक दुर्घटनाएं अब तक हो चुकी हैं अनेक व्यक्तियों की मृत्यु इन दुर्घटनाओ के माध्यम से होने के बावजूद भी शासन प्रशासन ने आज तक कोई सुध नहीं ली। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर 8 नवंबर तक इस सड़क का निर्माण शुरू नहीं होता है तो 9 नवंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता अर्धनग्न होकर स्थापना दिवस को रुड़की तिराहे पर एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता उपस्थित थे।