देहारादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विधिवत रूप से उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति द्वारा अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रस्तावित आंदोलन को पूर्ण रूप से समर्थन का ऐलान किया है।
पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्य कान्त धस्माना ने प्रेस को जारी बयान में कर्मचारोयों की समस्याओं के लिए त्रिवेंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास करने की बजाय कर्मचारियों को धमकाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अगर कर्मचारियों का किसी भी प्रकार का उत्पीड़न किया तो कांग्रेस कार्यकर्ता कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिला कर संघर्ष करेंगे। आज अपराह्न उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस मुख्यालय पहुँच कर धस्माना को समिति की ओर से अपना मांग पत्र सौंपा, धस्माना ने प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह की ओर से कांग्रेस का आंदोलन को समर्थन जारी किया।
आपको बता दें कर्मचारियों के हड़ताल के ऐलान से पहले सरकार ने सख्त रवैया अपनाते हुए राज्य में नो वर्क नो सैलरी का नियम लागू किया है औऱ साथ ही हड़ताल करने वाले कर्मचारियों पर विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.