देहरादून: राज्य कैबिनेट की आज शाम को बैठक होगी। इस कैबिनेट बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। कैबिनेट से पहले मंत्री परिषद की बैठक भी तय है। माना जा रहा है कि इसमें कोरोनो वायरस को लेकर कोई बड़ा फैसला हो सकता है। साथ ही कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर भी बड़ा एलान किया जा सकता है। जानकारों की मानें तो इसमें प्रमोशन पर लगी रोक को लेकर कोई फैसला होना संभव है।
ओबीसी-जनरल कर्मचारियों की हड़ताल ने सरकारी कामकाज को बुरी तरह से प्रभावित किया है। ऐसे में सरकार प्रमोशन पर लगी रोक को हटाने के लिए मंत्रिमंडल में निर्णय ले सकती है। मुख्यमंत्री ने शाम पांच बजे मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई है। मंत्रिपरिषद में कैबिनेट मंत्रियों के साथ राज्य मंत्री धन सिंह रावत और रेखा आर्य भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में सभी मंत्री कर्मचारी हड़ताल को लेकर चर्चा करेंगे। इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे कैबिनेट मंत्रियों की मंत्रिमंडलीय बैठक होगी। इस बैठक में परिषद में लिए गए निर्णयों पर सरकार अंतिम मुहर लगाएगी।