Big NewsChar Dham Yatra 2023

सुमेरु पर्वत के पास छह फीट बर्फ में फंसा यूपी का युवक, SDRF ने देवदूत बन किया सकुशल रेस्क्यू

केदारनाथ धाम से ऊपर सुमेरु पर्वत के पास एक श्रद्धालु छह फीट बर्फ में फंस गया। जिसके लिए एसडीआरएफ व डीडीआरएफ के जवान देवदूत बन गए। एसडीआरएफ के जवानों ने बर्फबारी के बीच श्रद्दालु का सकुशल रेस्क्यू किया।

छह फीट बर्फ में फंसा वृंदावन का युवक

केदारनाथ धाम से चार किमी ऊपर सुमेरू पर्वत स्थित है। जहां पर केदारनाथ धाम के दर्शनों के लिए आया यूपी के वृंदावन का रहने वाला एक युवक छह फीट बर्फ में फंस गया। यात्री ने बर्फ से बाहर निकलने की काफी कोशिश की लेकिन वो नहीं निकल पाया।

एसडीआरएफ के जवान बने देवदूत

जब युवक ने हार मान ली और वो बर्फ से बाहर नहीं निकल पाया तो उसने आपातकालीन नंबर पर फोन कर सहायता मांगी। जिसके बाद मौके पर पहुंच कर एसडीआरएफ व डीडीआरएफ के जवानों ने युवक का छह फीट बर्फ से भारी बर्फबारी के बीच सकुशल रेस्क्यू किया। जिसके बाद युवक को धाम स्थित विवेकानंद अस्पताल में भर्ती किया गया है।

CAHR DHAM YATRA NEWS

केदारनाथ से भैरवनाथ मंदिर की ओर घूमने चला गया था युवक

मिली जानकारी के मुताबिक युवक का नाम सचिन गुप्ता है। जो कि यूपी के वृंदावन का रहने वाला है। बृहस्पतिवार को सचिन केदारनाथ दर्शन के लिए आया था। दर्शन के बाद वो शुक्रवार सुबह केदारनाथ धाम से भैरवनाथ मंदिर की ओर चला गया। वहां से वो सुमेरु पर्वत की तरफ चला गया। जहां वो बीच में ही छह फीट बर्फ में फंस गया।

मौके पर पहुंच SDRF ने किया रेस्क्यू

काफी कोशिश करने के बाद भी जब वो निकल पाया तो उसने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। इसके बाद जिला आपदा कंट्रोल रूम और केदारनाथ पुलिस चौकी को दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे उसके फंसे होने की सूचना दी गई।

कोहरे व बूंदाबांदी के बीच युवक की खोजबीन के लिए केदारनाथ एसडीआरएफ और डीडीआरएफ के जवानों का दल रवाना हुआ। लगभग दो घंटे बाद दल युवक तक पहुंचा और युवक का रेस्क्यू किया।

CAHR DHAM YATRA NEWS

युवक ने SDRF जवानों का किया धन्यवाद

बर्फ से सकुशल रेस्क्यू के बाद युवक ने SDRF जवानों का धन्यवाद किया है। लेकिन युवक जिस स्थान पर फंसा था वहां पर जाने की मनाही है। भैरवनाथ मंदिर से ऊपर की तरफ जाने की किसी को कोई अनुमति नहीं है। जिसके बाद पुलिस का कहना है कि युवक वहां पर किस से पूछ कर गया इसके लिए उस से पूछताछ की जाएगी।

इसके साथ ही पुलिस ने केदारनाथ आने वाले सभी यात्रियों से अपील की है कि वो केदारनाथ व भैरवनाथ मंदिर के अलावा क्षेत्र में कहीं भी ऊपरी तरफ जाने का प्रयास न करें।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button