दुष्यंत गौतम के दौरे का विरोध, सड़कों पर उमड़ा हुजूम, लगाए गो बैक के नारे

रुड़की में भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम के आगमन का उत्तराखंड क्रांति दल ने जोरदार विरोध किया। बीएसएम चौक से शुरू हुआ प्रदर्शन गंगनहर पुल तक पहुंचते-पहुंचते उग्र हो गया। जहां पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोक-झोंक भी देखने को मिली। रुड़की के बीएसएम चौक पर उत्तराखंड क्रांति दल के दर्जनों कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष दीपक लखवान के नेतृत्व में एकत्र हुए थे।
भाजपा कार्यालय की ओर किया पैदल कूच
BJP State In-charge Dushyant gautam के जिला कार्यालय आगमन के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर पैदल कूच किया। प्रदर्शनकारी बीएसएम चौक से होते हुए मालवीय चौक पहुंचे जहां पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने और आगे बढ़ते रहे। इसके बाद गंगनहर पुल पर भारी पुलिस बल तैनात कर उन्हें जबरन रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई।

पुलिस ने जबरन हिरासत में लिया
भाजपा कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करने पर अड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए हिरासत में ले लिया और गंगनहर कोतवाली भेज दिया। जिलाध्यक्ष दीपक लखवान ने कहा कि भाजपा लगातार मनमानी कर रही है। उत्तराखंड की जनता के मुद्दों को दबाया जा रहा है। उत्तराखंड क्रांति दल इस तानाशाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा और सड़कों पर उतरकर विरोध जारी रखेगा।

ये भी पढ़ें: BJP दफ्तर के बाहर लगे बैनर से दुष्यंत गौतम की फोटो गायब, महेंद्र भट्ट ने बताई वजह
दिखावे की राजनीति कर रही BJP सरकार: UKD
वहीं यूकेडी कार्यकर्ता रीतू कंडियाल ने कहा कि धामी सरकार में महिलाओं, युवाओं और आम जनता की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। भाजपा सरकार केवल दिखावे की राजनीति कर रही है, जबकि जमीन पर हालात खराब हैं। हम अपने हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। फिलहाल पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है।