देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज जन्मदिन, पीएम मोदी, सीएम योगी ने दी बधाई, जानें उनके बारे में
आज देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जन्मदिन है। इस खास मौके पर देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा और समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। उनकी बुद्धिमत्ता और गरीबों और हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा करने पर जोर एक मजबूत मार्गदर्शक शक्ति है। उनकी जीवन यात्रा करोड़ों लोगों को उम्मीद देती है। भारत उनके अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए हमेशा उनका आभारी रहेगा। उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद मिले।
सीएम योगी ने दी बधाई
वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्नाथ ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होनें एक्स पर लिखा, जनसेवा, राष्ट्रसेवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए सतत समर्पित माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। भगवान श्री जगन्नाथ जी से आपके सुदीर्घ व सुयशपूर्ण जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना है।
राष्ट्रपति मुर्मू का जन्म
बता दें कि भारत की राष्ट्रपति मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली आदिवासी परिवार में हुआ था। उन्होनें 25 जुलाई 2022 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। इससे पहले वह झारखंड की राज्यपाल थीं। मुर्मू का प्रारंभिक जीवन कठिनाईयों और संघर्षों से भरा रहा है। गांव के स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद मुर्मू ने आगे की पढ़ाई के लिए भुवनेश्वर से कला स्नातक की उपाधि ली। वे अपने गांव से कॉलेज जाने वाली प्रथम बालिका बनीं।