Big NewsAlmora

150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, डॉक्टर समेत तीन की मौत, रातभर खाई में शवों के साथ रहा मासूम

भिकियासैंण-देघाट सड़क पर चौनिया बैंड के पास एक कार हादसे का शिकार हो गई। कार अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कार सवार दंपत्ति और उनकी आठ साल की बच्ची की मौत हो गई। जबकि 10 साल का बच्चा घायल है। हादसा सोमवार शाम हो गया था। लेकिन इसके बारे में मंगलवार सुबह तब पता चला जब घायल मासूम ने खाई से बाहर रोड पर आकर लोगों को इसकी जानकारी दी।

अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसे में तीन की मौत

अल्मोड़ा जिले के स्याल्दे विकासखंड में भिकियासैंण-देघाट सड़क पर चौनिया बैंड के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार चौनिया बैंड के पास 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में डॉक्टर पति, स्टाफ नर्स पत्नी और उनकी आठ साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका 10 साल का बेटा घायल है।

बच्चों को छोड़ने जा रहा था डॉक्टर

मिली जानकारी के मुताबिक रुड़की में निजी क्लीनिक संचालित करने वाले सावत शिवालय लाइन, दिल्ली रोड निवासी डॉ. मुनेंद्र सिंह पुत्र ईश्वर सिंह अपने बच्चों को रुड़की से देघाट छोड़ने जा रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी शशि, बेटी अदिती और बेटा आदि थे। सुबह वो देघाट के लिए रवाना हुए थे। दोपहर तीन बजे तक उनका अपने परिजनों से संपर्क हुआ। लेकिन इसके बाद संपर्क कट गया। देर शाम हो जाने के बाद ना तो वो देघाट पहुंचे और ना ही उनका किसी से कोई संपर्क हो पाया।

मंगलवार सुबह हादसे के बारे में मिली जानकारी

रात तक उनकी काफी खोजबीन करने के बाद जब उनके बारे में कुछ पता नहीं चल पाया तो शशि के मायके वालों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने उनको खोजने के प्रयास किए लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह घायल 10 साल का मासूम आदि खाई से किसी तरह ऊपर रोड तक पहुंचा और उसने लोगों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शवों को खाई से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button