Haridwarhighlight

प्रेमिका से हुआ विवाद, प्रेमी ने गटक लिया जहर, तीन साल के बच्चे का पिता था मृतक

रुड़की में प्रेमी-प्रेमिका के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ तो प्रेमी ने चौकी में जहर गटक लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक पहले से ही शादी-शुदा और तीन साल के बच्चे का पिता बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

प्रेमिका पर बना रहा था शादी का दबाव

मिली जानकारी के मुताबिक रुड़की कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरी गांव निवासी प्रशांत धीमान (32) का लक्सर कोतवाली क्षेत्र की युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस बीच 2019 में युवक की शादी हो गई और उसका एक बेटा भी है। युवक अपनी प्रेमिका पर शादी का दबाव बना रहा था।

प्रेमी के सामने रखी थी तलाक की शर्त

युवती का कहना था कि उसकी शादी हो चुकी है। पहली पत्नी से तलाक होने के बाद ही वो उससे शादी कर सकती है। जिसके बाद से युवक अपनी पत्नी से तलाक लेना चाहता था। तलाक की बात को लेकर प्रेमी-प्रेमिका के बीच परिवार वालों के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद युवती के परिजन लक्सर कस्बा चौकी पहुंच गए।

चौकी में खाया जहरीला पदार्थ

चौकी प्रभारी ने युवक को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया। जिसके बाद प्रशांत अपने परिवारवालों के साथ चौकी पहुंचा। इसी बीच युवक शौचालय जाने का बहाना बनाकर निकला और जहर निगल लिया। युवक को अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। जहां युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जांच में जुटी पुलिस

मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण का कहना है कि युवक परिवारवालों के साथ चौकी आया था। शौचालय जाने के बहाने युवक ने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले की जांच के लिए सीओ लक्सर को निर्देशित किया है।


Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button