तीन साल के मासूम से उफनाए नाले ने छीना पिता का साया, बेटे के इलाज के लिए आ रहा था घर

रामनगर में उफनाए नाले में एक टाटा सूमो बह गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस घटना में मारे गए प्रकाश फुलारा अल्मोड़ा के रहने वाले थे। जो कि अपने बेटे के इलाज के लिए घर आ रहे थे। लेकिन घर आते वक्त उफान पर आए नाले में बहने के कारण उनकी मौत हो गई।
उफनाए नाले ने तीन साल के मासूम से छीना पिता का साया
प्रदेश में बारिश का कहर जारी है। रामनगर में भारी बारिश के कारण एक बरसाती नाला उफान पर आ गया। जिसमें मंगलवार देर रात एक टाटा सूमो बह गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। ये मौत लोक गायक प्रकाश फुलारा की हुई थी। इस खबर से परिवार में हड़कंप मच गया है।
बेटे के इलाज के लिए जा रहा था गांव प्रकाश
मिली जानकारी के मुताबिक प्रकाश फुलारा अपने बेटे के इलाज के लिए अल्मोड़ा अपने गांव जा रहे थे। तभी रास्ते में रामनगर में हादसे में उनकी मौत हो गई। प्रकाश फुलारा दिल्ली में प्राइवेट नौकरी से अपने परिवार का गुजारा करते थे। उनके बेटे को दिल की बिमारी थी। जिसके इलाज के लिए ही वो गांव आ रहा था।
दस साल तक गांव का सरपंच रहा था प्रकाश
मिली जानकारी के मुताबिक कुमाऊंनी लोक गायक के रूप में पहचान बनाने वाले प्रकाश फुलारा दस सालों तक अपने गांव का सरपंच भी रह चुका था। साल 2010 से 2020 तक वह गनोली वन पंचायत का सरपंच रहा था। जिसके बाद वो परिवार के भरन-पोषण के लिए दिल्ली में प्राइवेट नौकरी कर रहा था।
ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
प्रकाश फुलारा के गांव वालों का कहना है कि प्रकाश अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। जिसके चले जाने से परिवार के सामने आजीविका का संकट आ गया है। ग्रामीणों ने प्रकाश के असहाय परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने प्रकाश के तीन साल के मासूम बेटे के इलाज के लिए भी मांग की है।