देहरादून- सूबे की नई पर्यटन नीति तैयार है और कुछ सुझावों को सम्मलित कर जल्द ही पर्यटन नीति 2017 को कैबिनेट में रखा जाएगा। इस बात की जानकारी सूबे के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने दी। देहरादून में पर्यटन निदेशालय में प्रेस वार्ता कर महाराज ने पर्यटन से जुड़े तमाम मुद्दों पर जानकारी दी।
महाराज ने कहा कि राज्य में पर्यटन रोजगार का बड़ा साधन बन सकता है साथ ही पलायन रोकने में भी कारगर साबित हो सकता है। लिहाजा पर्यटन विभाग की नजर राज्य के गांवों पर है। महाराज ने जानकारी दी कि सूबे के 10 गांवों को पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाएगा जिसमें एशियन विकास बैंक मदद करेगा।
पीसी के दौरान बताया गया कि एडीबी 10 गांवों को गोद ले चुका है। वहीं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उनके विभाग का फोकस राज्य में नए डेस्टिनेशन बनाने पर है ताकि सैलानियों को लुभाया जा सके और वे उत्तराखंंड के बारे में और भी विस्तार से समझ सकें।
इस मौके पर महाराज ने कहा कि आने अक्टूबर माह में पर्यटन विभाग हरिद्वार में पखवाड़े भर सांस्कृतिक त्यौहारों का आयोजन करेगा जिसमे उत्तराखंड के त्योहारों पर फोकस रहेगा। ताकि सैलानी उत्तराखंड के पर्वों को समझ सकें और पलायन कर मैदानों में बस चुकी पहाड़ की नई पीढी भी आपनी सांस्कृतिक रंग रूप की समृद्ध विरासत से वाकिफ हो सके और उस पर गर्व कर सके। ये त्यौहारों का कार्यक्रम 5 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।