अमित शाह को ज्ञापन देने जा रहे थे सुराज सेवा दल के पदाधिकारी, मंगलौर पर पुलिस ने रोका

हरिद्वार में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम के बीच उस समय हलचल मच गई जब सुराज सेवा दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उन्हें ज्ञापन देने के लिए हरिद्वार की ओर रवाना हुए। हालांकि पुलिस प्रशासन ने उन्हें मंगलौर में ही रोक लिया।
अमित शाह को ज्ञापन देने जा रहे सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों को रोका
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद मौके पर कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों का कहना है कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह से सवालों के घेरे में है।
सुराज सेवा दल ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड, प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार और अवैध खनन जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार और उसके प्रतिनिधि चुप्पी साधे हुए हैं। इन तमाम मामलों को लेकर वे गृह मंत्री अमित शाह को ज्ञापन देकर हस्तक्षेप की मांग करना चाहते थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें हरिद्वार जाने से पहले ही मंगलौर में रोक दिया।
ये भी पढ़ें: अमित शाह के हरिद्वार दौरे से सियासत गरम, कांग्रेस ने लगाए ‘अमित शाह गो बैक’ के नारे
प्रदेश में कमजोर दिखाई दे रही विपक्ष की भूमिका: सुराज सेवा दल
पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि प्रदेश में विपक्ष की भूमिका भी कमजोर दिखाई दे रही है, ऐसे में सरकार की नीतियों और कामकाज का विरोध करने की जिम्मेदारी सुराज सेवा दल ने अपने कंधों पर ली है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
वहीं प्रशासन की ओर से अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाते हुए स्थिति को शांत कराया। बाद में सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों ने गृह मंत्री अमित शाह के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंप दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांग और ज्ञापन को गृह मंत्री तक पहुंचा दिया जाएगा।
