अमित शाह के हरिद्वार दौरे से सियासत गरम, कांग्रेस ने लगाए ‘अमित शाह गो बैक’ के नारे

हरिद्वार में आज केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। एक ओर जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने हरिद्वार पहुंचें, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं ने उनके दौरे को लेकर विरोध भी शुरू कर दिया है।
कांग्रेस ने लगाए ‘अमित शाह गो बैक’ के नारे
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला अपने समर्थकों के साथ हरिद्वार पहुंचीं और इस दौरान ‘अमित शाह गो बैक’ के नारे लगाए गए। उनका कहना था कि वे गृह मंत्री से उत्तराखंड की जनता से जुड़े कई अहम सवाल पूछने जा रही हैं। हालांकि पुलिस ने रास्ते में ही ज्योति रौतेला और उनके साथियों को रोक लिया। इसके बाद कुछ देर तक वहां हल्का विरोध-प्रदर्शन भी देखने को मिला।
गोदियाल ने गृह मंत्री के नाम संदेश जारी कर पूछे कई सवाल
उधर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी गृह मंत्री के नाम संदेश जारी कर कई सवाल उठाए हैं। गोदियाल का कहना है कि गृह मंत्री गंगा तट पर तो आ रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता के मन में सरकार की इन उपलब्धियों को लेकर कई संदेह हैं। उन्होंने कहा कि चार साल की उपलब्धियां बताने हरिद्वार आ रहे गृह मंत्री से वे गंगा की सहायक न्यार नदी के तट से कुछ सवाल पूछना चाहते हैं।
संदेह के घेरे में रही है उत्तराखंड की हर भर्ती परीक्षा: गोदियाल
गोदियाल ने अंकिता हत्याकांड में वीआईपी का नाम सामने न आने, राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार, भर्ती परीक्षाओं पर उठे सवाल और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में लगभग हर भर्ती परीक्षा संदेह के घेरे में रही है और नौकरियों को बेचने के आरोप भी सामने आए हैं। साथ ही यूसीसी के तहत लिव-इन रिलेशनशिप को दी गई मान्यता पर भी सवाल उठाए गए हैं। कांग्रेस का कहना है कि इन मुद्दों पर प्रदेश की जनता जवाब चाहती है।