Udham Singh NagarBig News

अजब-गजब : मस्ती के लिए राहगीरों को पीटकर वीडियो बनाते थे युवक, आरोपियों की तलाश जारी

उधम सिंह नगर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में नौजवानों का एक ग्रुप राह चलते अकेले राहगीर को न सिर्फ पकड़कर पीटते थे बल्कि पिटाई करते हुए वीडियो भी बनाते थे। इन सभी युवाओं की उम्र 19 से 24 साल तक की है। ये सभी लोग मौजमस्ती के लिए अपराध को अंजाम देते थे। पुलिस इस मामले में दो सगे भाईयों सहित पांच युवकों को जेल भेज चुकी है। जबकि छह अन्य साथियों की तलाश जारी है।

मस्ती के लिए राहगीरों को पीटते थे युवक

मिली जानकारी के अनुसार बीते 13 फरवरी को एक युवक ने पुलिस को तहरीर दी थी। युवक ने पुलिस को बताया था कि अतिथि रेस्टोरेंट के पास आधा दर्जन से अधिक युवकों ने उसको लाठी डंडों से पीटा था। वह उनमें से किसी भी युवक को नहीं जानता था और ना ही उसकी किसी के साथ कोई रंजिश थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

पांच आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

जांच के बाद पुलिस ने 15 फरवरी को दो सगे भाईयों समेत पांच युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सुमित राठौर और उसका भाई अमित राठौर निवासी बजरंग विहार, विशाल उर्फ नन्नू निवासी खेड़ा, सुनील राजपूत निवासी ठाकुरनगर, शिवम कुमार निवासी विवेकनगर को गिरफ्तार किया था।

इसी दौरान पुलिस को एक और शिकायत मिली थी। जिसमें कुछ युवकों ने उसे बुरी तरह पीटा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो सामने आया कि युवकों का गैंग रात में सड़कों पर घूमकर किसी को भी पीट देता था। इन युवकों के पास डंडे के साथ ही धारदार हथियार भी रहता था। ये लोग पिटाई करने का वीडियो भी बनाते थे।

घर से भागे हुए थे सभी युवक

जानकारी के अनुसार एसएचओ भारत सिंह ने बताया कि पांच युवक गिरफ्तार हुए थे। जबकि पांच आरोपियों की तलाश की जा रही है। सभी आरोपी घरों से भागे हुए हैं। अभी तक मारपीट के दो वीडियो उनको मिले हैं। उन्होंने बताया कि ये वीडियो मारपीट के दौरान बनाए हुए हैं। जिसमें युवक अपना चेहरा भी दिखाते थे। हालांकि किसी के साथ लूटपाट की पुष्टि नहीं हुई है।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button