International News

फ्रांस में पुलिस पर पथराव, कई जगह लगाई आग, 150 से अधिक लोग गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

फ्रांस में इन दिनों हिंसा, आगजनी, पथराव और बगावत देखने को मिल रही है। पेरिस की सड़को पर लोग आगजनी और पथराव करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस लगातार ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर रही है। आइये जानते हैं कि आखिर फ्रांस में हिंसा होने का क्या कारण हैं।

पुलिस ने युवक को मारी गोली

फ्रांस की राजधानी पेरिस में एक युवक को पुलिस ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के आरोप में गोली मारी थी, जिसके कारण नाबालिग की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद फ्रांस में हिंसा भड़क उठी और अब वहां काफी हिंसा देखने को मिल रही है।

युवक ने तोड़ा ट्रैफिक नियम- पुलिस

हालांकि पुलिस ने मामले को लेकर कहा कि नाबालिग तेज रफ्तार से एक रेंटल कार को चला रहा था। पुलिस ने उसे रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने कई बार ट्रैफिक नियमों को तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने गोली चलाई।

घटना का वीडियो वायरल 

वहीं घटना के बाद एक सीसीटीवी कैमरे से रिकॉर्ड की गई वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें दिख रहा है कि एक युवक एक कार तेजी से चला रहा है वहीं पुलिस उसे रोकने के लिए इशारा करती है, लेकिन वह नहीं रुकता है। इसके बाद पुलिस कार के करीब जाकर गोली चला देती है और गोली चलते ही युवक दम तोड़ देता है। इसके बाद, फ्रांस की सड़कों पर हिंसा शुरू हो जाती है।

लोगों ने किया पुलिस पर पथराव

इस घटना के बाद, लोगों के मन में पुलिस के खिलाफ नफरत की धारणा बन गई। लोग ऐसा सोचने लगे कि पुलिस किसी को भी गोली मार सकती है और लोग इसका विरोध करने के लिए सड़कों पर उतर आए। सड़क पर आने के बाद लोगों ने जमकर उत्पात मचाया है। कई सरकारी वाहन फूंक दिए गए। पुलिस पर पथराव किए गए। साथ ही कई बिल्डिंगों में आगजनी की घटना भी सामने आई है।

हिंसा में 150 से अधिक लोग गिरफ्तार

हिंसा की घटना में अब तक 150 से अधिक लोग गिरफ्तार हुए हैं। प्रदर्शनकारी ने कई शहरों में टाउन हॉल, स्कूल, पुलिस स्टेशन और सरकारी भवनों को आग के हवाले कर दिया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने हिंसा को लेकर आपात बैठक बुलाई। फ्रांस के गृह मंत्री ने हिंसा की घटना की निंदा की।

Back to top button